प्रिय सदस्य बहनों,
नमस्कार!
जैसा कि आप सभी जानती हैं, काशी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी पूरी तरह से महिला डेयरी किसानों के स्वामित्व वाली कंपनी है। इसका गठन 11 नवम्बर 2021 को कंपनि अधिनियम, 2013 की धारा XXIA के अंतर्गत एक प्रोड्यूसर कंपनी के रूप में किया गया था। इस कंपनी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हमारे गाँवों में उत्पादित दूध गुणवत्ता और पारदर्शिता के आधार पर उचित मूल्य पर बेचा जाए, समय पर भुगतान हो, तथा महिला दुग्ध उत्पादकों को सतत आजीविका का विकल्प प्राप्त हो।
यह परियोजना प्रारंभ में उत्तर प्रदेश के पाँच जिलों में आरम्भ की गई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से वित्तीय सहयोग तथा NDDB डेयरी सर्विसेज से तकनीकी सहयोग प्राप्त हुआ। हमारे प्रयासों की सराहना करते हुए, वर्ष 2024 से SRLM द्वारा दो नए जिलों — भदोही और वाराणसी — को भी परियोजना में सम्मिलित किया गया। वर्तमान में कंपनी पूर्वी उत्तर प्रदेश के सात जिलों — बलिया, चंदौली, गाज़ीपुर, मिर्ज़ापुर, सोनभद्र, भदोही और वाराणसी — में कार्यरत है।
हमारा लक्ष्य केवल दूध का उत्पादन और आपूर्ति तक सीमित नहीं है। हम चाहते हैं कि हर सदस्य महिला आर्थिक रूप से सशक्त हो, आधुनिक तकनीक से परिचित हो। हमारी कोशिश है कि आने वाले समय में काशी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी, उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की अग्रणी डेयरी कंपनियों में गिनी जाए।
मैं आप सभी को आपके कठिन परिश्रम, समर्पण और सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद देती हूँ और आशा करती हूँ कि हम भविष्य में और अधिक ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे।
धन्यवाद।
श्रीमती अंजना सिंह
अध्यक्ष एवं निदेशक




